उत्तराखंड पत्रकार महासंघ : सम्मान,संवाद और संकल्प का संगम बना हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह

National Uttar Pradesh Uttarakhand

 

देहरादून। राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पत्रकार महासंघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पत्रकारिता जगत की उपलब्धियों, चुनौतियों और बदलते स्वरूप पर गंभीर चर्चा की गई। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नौ पत्रकारों को “पत्रकार गौरव सम्मान-2026” से अलंकृत किया गया।

सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर से पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष निशीथ सकलानी ने की, जबकि अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में अनूप वाजपेयी ने कहा कि तकनीकी बदलावों के दौर में पत्रकारिता निरंतर नए आयाम हासिल कर रही है। ऐसे समय में पत्रकारों के लिए निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक उत्तरदायित्व को बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार की सफलता केवल खबर प्रकाशित करने में नहीं, बल्कि समाज पर उसके सकारात्मक प्रभाव में निहित होती है।

हिंदी भाषा की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में हिंदी के शुद्ध लेखन और उच्चारण के प्रति जागरूकता कम होती जा रही है। उन्होंने इसे भाषा और संस्कृति दोनों के लिए गंभीर विषय बताते हुए हिंदी के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। हंसा सांस्कृतिक समूह के कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता में प्रयोगधर्मिता और तकनीकी नवाचार स्वागतयोग्य हैं, लेकिन प्रतिस्पर्धा की दौड़ में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक, मौलिक और निष्पक्ष पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष उपेंद्र थापली, दून इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक डॉ. डी.एस. मान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण शर्मा, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, डॉ. वी.डी. शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, मीडिया की सामाजिक भूमिका और लोकतंत्र में पत्रकारों के योगदान पर अपने विचार रखे।

इन पत्रकारों को मिला ‘पत्रकार गौरव सम्मान-2026’

समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए अजय राणा, बिशन सिंह बोरा, विमल पूर्वाल, सुनील नवप्रभात, सुशील चमोली, राजीव शर्मा, राजीव मैथ्यू, टीना वैश्य और घनश्याम जोशी को सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित पत्रकारों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए गए। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वी.डी. शर्मा तथा महासंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल वरिष्ठ पत्रकार राजेश सरकार को उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत पत्रकारिता जरूरी : निशीथ सकलानी

अध्यक्षीय संबोधन में महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष निशीथ सकलानी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती पत्रकारिता की सशक्त भूमिका पर निर्भर करती है। उन्होंने पत्रकारों के सामने मौजूद आर्थिक, सामाजिक और पेशेवर चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मीडिया कर्मियों के हितों की सुरक्षा और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार नरेश रोहिला ने किया। समारोह में प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक गुसाईं, जिलाध्यक्ष कैलाश सेमवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *