समर्पण, सादगी और सेवा का चार दशकों का सफर हुआ पूर्ण : सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट को सूचना विभाग ने दी भावभीनी विदाई

National Uttar Pradesh Uttarakhand

देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड मुख्यालय में सहायक निदेशक एल.पी. भट्ट के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनके लंबे, निष्पक्ष और समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में श्री भट्ट ने चार दशक से अधिक समय तक उच्च मानदंड का पालन करते हुए बेदाग शासकीय सेवा की।

समारोह में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि एल.पी. भट्ट ने अपने कार्यकाल के दौरान जिम्मेदारी, अनुशासन और कार्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि श्री भट्ट का कार्य के प्रति समर्पण, सकारात्मक सोच और सहयोगात्मक दृष्टिकोण विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपने अनुभव और व्यवहार कुशलता से उन्होंने सहकर्मियों के बीच विशेष पहचान बनाई है।

संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने उनके साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति उसके अनुभवी और कर्मठ कर्मचारी होते हैं। उन्होंने कहा कि श्री भट्ट का योगदान विभाग के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि एल.पी. भट्ट ने एक दक्ष, जिम्मेदार और भरोसेमंद अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की। विभागीय उद्देश्यों की प्राप्ति में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

समारोह में वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उपनिदेशक रवि विजारनिया, उपनिदेशक बद्री चंद सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने उनके सौम्य स्वभाव, कार्यकुशलता और सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में एल.पी. भट्ट ने विभागीय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में मिले सहयोग, आत्मीयता और टीम भावना ने उन्हें सदैव बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

लघु समाचारपत्र एसोसिएशन ने स्मृति चिन्ह किया भेंट

सेवानिवृत्ति के अवसर पर लघु समाचारपत्र एसोसिएशन की ओर से भी एल.पी. भट्ट को स्मृति चिन्ह भेंट कर  किया गया। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उनके विनम्र, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना करते हुए नई जीवन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल, महिला इकाई प्रमुख रचना गर्ग, दीपक कुमार और अनुज सेमवाल उपस्थित रहे। महामंत्री बिजेंद्र यादव ने भी उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। वरिष्ठ नरेश मिनोचा ने भी शॉल ओढ़ाकर श्री भट्ट का सम्मान किया और उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *