प्रेमनगर की सैनिक कॉलोनी में चला हरित अभियान, 70 से अधिक पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

National Uttarakhand

देहरादून- पर्यावरण संरक्षण और हरित देहरादून के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति ने रविवार को प्रेमनगर स्थित सैनिक कॉलोनी में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान बांस, अमलतास, अमरूद, बरगद, सिल्वर ओक, गुलमोहर सहित 70 से अधिक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही नदी किनारे 40 बांस के पौधे भी लगाए गए, ताकि क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल सके।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सैनिक कॉलोनी के अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत के आग्रह पर कॉलोनी में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में छायादार और फूलदार पेड़ों की आवश्यकता जताई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का चयन कर उनका रोपण किया गया।

समिति ने कहा कि देहरादून में लगातार हो रहे वृक्षों के कटान और हरित क्षेत्र में कमी चिंता का विषय है। ऐसे समय में व्यापक स्तर पर पौधारोपण ही पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। संस्था न केवल नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चला रही है, बल्कि अनावश्यक वृक्ष कटान रोकने के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष भी लगातार अपनी बात रख रही है।

कार्यक्रम में क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति के अध्यक्ष राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप अहलूवालिया, सचिव जे.पी. किमोठी, कोषाध्यक्ष शंभू शुक्ला सहित अमरनाथ कुमार, अनुराग शर्मा, दीपक सिंह, यशपाल भसीन, राजेश बाली, गगन चावला और सोनिया ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जोगेंद्र सिंह पुंडीर, सैनिक कॉलोनी के अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत तथा बड़ी संख्या में कॉलोनी के निवासियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *