देहरादून। उत्तराखंड में छोटे एवं मझौले समाचार पत्रों के समक्ष लगातार बढ़ रही व्यावहारिक एवं आर्थिक चुनौतियों के समाधान की मांग को लेकर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, देहरादून इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महामंत्री विश्वजीत सिंह नेगी के नेतृत्व में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें विभिन्न मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए छोटे समाचार पत्रों के समक्ष उत्पन्न हो रही समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छोटे एवं मझौले समाचार पत्र लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद ये समाचार पत्र जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हैं, लेकिन वर्तमान समय में उन्हें विज्ञापन, पंजीकरण, भुगतान और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि छोटे एवं मझौले समाचार पत्र आर्थिक और प्रशासनिक दबावों से मुक्त होकर निष्पक्ष, निर्भीक और प्रभावी पत्रकारिता कर सकें। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि इन समाचार पत्रों को आवश्यक सहयोग और संरक्षण प्राप्त होता है तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा आमजन की आवाज को प्रभावी मंच मिलता रहेगा।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का विभागीय स्तर पर परीक्षण किया जाएगा और शासन के समक्ष भी उन्हें रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक एवं व्यावहारिक पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार पत्रकार हितों की रक्षा तथा छोटे एवं मझौले समाचार पत्रों को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत, स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है और इसे संरक्षित एवं प्रोत्साहित किया जाना समय की आवश्यकता है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी नारायण, जिला संरक्षक ललित कुमार ढोंडियाल, जिला महामंत्री नरेश बलूनी, भारत सिंह नेगी, विनोद वर्मा, चंद्र मोहन, वीर सिंह, एस. यादव, सुरमई, आदेश नारायण सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

