ताइक्वांडो में दिब्यांशु बुडाकोटी ने लहराया सफलता का परचम, स्वर्ण पदक पर जमाया कब्जा

National Uttarakhand

*राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रानीपोखरी को किया गौरवान्वित, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का मिला अवसर

(हरीशंकर सिंह सैनी द्वारा)

देहरादून/रानीपोखरी। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाते हुए रानीपोखरी निवासी दिब्यांशु बुडाकोटी ने राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार और प्रशिक्षक, बल्कि पूरे रानीपोखरी क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।

30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला ताइक्वांडो संघ नैनीताल के आयोजन में हुई इस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिब्यांशु ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती देते हुए तकनीकी दक्षता, बेहतर तालमेल और आत्मविश्वास का परिचय दिया तथा स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

इस उपलब्धि के पीछे दिब्यांशु का नियमित अभ्यास, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अहम रही है। उनके कोच शुभम ने भी प्रशिक्षण के दौरान उनकी क्षमताओं को तराशने और मुकाबले की बारीकियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रशिक्षक के मार्गदर्शन और खिलाड़ी के समर्पण का ही परिणाम रहा कि वह प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहे।

राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के बाद दिब्यांशु के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रशस्त हुआ है। अब उनसे राष्ट्रीय मंच पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *