देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर द्रोण वाटिका कॉलोनी में देशभक्ति, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कॉलोनी परिसर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जैसे ही तिरंगा आसमान में शान से लहराया, पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘शहीदों को सलाम’ के नारों से गूंज उठा।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद कॉलोनी के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि स्वतंत्रता भारतवासियों को सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई। इसके लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता के मूल्यों को समझे और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए अपना योगदान दे।
इस अवसर पर कॉलोनीवासियों ने विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए परिसर में सामूहिक पौधारोपण भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में द्रोण वाटिका कॉलोनी वर्किंग कमेटी के अध्यक्ष राजदेव सिंह यादव, सचिव आरके शर्मा, संरक्षक चंदन कुमार झा, प्रेम सिंह चौहान, उप सचिव आनंद सिंह नेगी, प्रशांत बिस्वास, मिर्तुंजय और बलराज दीक्षित सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
समारोह के समापन पर सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला मंडल और युवा समिति के सहयोग से आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह आपसी भाईचारे, देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ

