बिहारी महासभा ने ‘असल ग्रीन कॉलोनी’ में किया छठ महापर्व के खरना अनुष्ठान का आयोजन : श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

National Uttarakhand

*असल ग्रीन कॉलोनी में छठी मैया की आराधना के बीच गूंजे पारंपरिक गीत

देहरादून- लोक आस्था के महापर्व छठ की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा आज ‘असल ग्रीन कॉलोनी’ में देखने को मिली। बिहारी महासभा की ओर से आयोजित खरना पूजा में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की आराधना की। पूजा स्थल पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। पारंपरिक छठ गीतों और जयकारों के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

चार दिवसीय छठ अनुष्ठान में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को स्नान और पूजा के बाद गुड़ की खीर, घी लगी रोटी तथा केले का प्रसाद तैयार करते हैं। मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से तैयार इस प्रसाद को पहले छठी मैया को अर्पित किया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर परिवार तथा अन्य श्रद्धालुओं में इसका वितरण होता है। मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है तथा छठी मैया की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

बिहारी महासभा के आयोजन में धार्मिक परंपराओं के साथ लोकसंस्कृति की भी आकर्षक झलक दिखाई दी। पूजा स्थल को फूलों, आम के पत्तों और रंगीन सजावट से भव्य रूप दिया गया था। छठी मैया और भगवान सूर्य की सुसज्जित झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान के साथ प्रकृति, आस्था और अनुशासन का अनूठा संगम है। यह पर्व सूर्य और जल जैसे प्राकृतिक तत्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। महासभा का उद्देश्य देहरादून में रह रहे प्रवासी बिहारी परिवारों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक मान्यताओं से जोड़े रखना है।

सचिव चंदन कुमार झा ने बताया कि खरना अनुष्ठान के साथ ही छठ महापर्व का कठिन चरण प्रारंभ हो गया है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के बाद व्रती व्रत का पारण करेंगे। इसके लिए महासभा की ओर से टपकेश्वर सहित आसपास के घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल, बैठने और सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए जा रहे हैं।

आयोजन में महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह, सचिव चंदन कुमार झा, संरक्षक सत्येंद्र सिंह, शशिकांत गिरी, विनय कुमार यादव, रवि कुमार और गणेश साहनी सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पहुंचकर आयोजन में सहभागिता की।कार्यक्रम के समापन पर महासभा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, दानदाताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *