*रामनाथ सुमन जालौन,आशीष कुमार को ललितपुर, लालमन जाटव एडवोकेट को झांसी महानगर के जिलाध्यक्ष व अच्छे लाल नागं को झांसी ग्रामीण के संयोजक बने
उरई। जाटव समाज विकास महासभा उत्तर प्रदेश की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव की अध्यक्षता में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल जाटव के आवास पर आयोजित हुई। बैठक का संचालन जगदेव प्रसाद द्वारा किया गया।
बैठक का विवरण प्रदान करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश जाटव, एडवोकेट ने पत्रकारों को बताया कि बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, विभिन्न जनपदों में इकाइयों को सक्रिय करने और समाजहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव ने कहा कि समाज और देश की प्रगति के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संदेश को जीवन में उतारना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है और संगठित होकर ही समाज अपने अधिकारों तथा विकास के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठा सकता है।

महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामसनेही ने बुंदेलखंड क्षेत्र की विभिन्न इकाइयों की संगठनात्मक गतिविधियों और प्रगति की जानकारी बैठक में साझा की। पदाधिकारियों ने संगठन को और सक्रिय बनाने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को महासभा से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश संचालक विश्वंभर दयाल जाटव, प्रबंधक माता प्रसाद अनुरागी, पूर्व मजिस्ट्रेट सी.वी. सिंह, बौद्धाचार्य वी.पी. सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला स्तर पर संगठन को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने की आवश्यकता जताई।
संगठनात्मक चर्चा के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य रामनाथ सुमन को जाटव समाज विकास महासभा की जालौन जिला इकाई की कमान सौंपने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में मौजूद समाज के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव ने पदाधिकारियों से रायशुमारी के बाद रामनाथ सुमन को तत्काल प्रभाव से जालौन जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। इस निर्णय के बाद उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
संगठन विस्तार के क्रम में ललितपुर जिलाध्यक्ष के रूप में आशीष कुमार, झांसी महानगर अध्यक्ष के रूप में अधिवक्ता लालमन जाटव तथा झांसी ग्रामीण संयोजक के रूप में अच्छेलाल नांग, ढींगपुरा को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में बताया गया कि चित्रकूट मंडल के अध्यक्षों की नियुक्ति भी शीघ्र की जाएगी।
बैठक के दौरान समाज और संगठन से जुड़े दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई। महासभा के सदस्यों ने बलिया (रसड़ा) के पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह, ग्राम बंगरा निवासी पूर्व सीओ बलधारी सिंह तथा महासभा की सदस्य रेखा जाटव की माता के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक में भरतलाल जाटव, डॉ. अखिलेश प्रशांत, शिक्षाविद देवेंद्र कुमार जाटव, डॉ. सत्येंद्र कुमार कल्याणी, शिक्षाविद शिवनारायण आचार्य, धर्मवीर सिंह, देवकीनंदन, छत्रपाल जाटव सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।

