राजपुर में ‘श्री रामलीला महोत्सव-2026’ की तैयारियां हुईं तेज, आमंत्रण पुस्तिका का हुआ विमोचन

National Uttarakhand

राजपुर (देहरादून)-श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट, राजपुर की ओर से आयोजित होने वाले श्री रामलीला महोत्सव-2026 की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। आगामी 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले रामलीला मंचन को लेकर श्रीरामलीला रंगमंच पर समारोह आयोजित कर महोत्सव की आमंत्रण पुस्तिका का विमोचन किया गया।

आमंत्रण पुस्तिका का विमोचन ट्रस्ट के संरक्षक जयभगवान साहू, प्रधान योगेश अग्रवाल एडवोकेट, उपप्रधान संजीव गर्ग, कोषाध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्यों अमन कन्नौजिया, आदित्य गुप्ता और मोहित अग्रवाल की उपस्थिति में किया गया।

ट्रस्ट के प्रधान योगेश अग्रवाल ने बताया कि रामलीला के सफल मंचन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। 1 अक्टूबर से ही रामलीला मंचन स्थल पर कलाकारों की रिहर्सल शुरू कर दी गई है। सभी पात्रों को निर्धारित समय पर रिहर्सल में पहुंचने की सूचना दे दी गई है, ताकि मंचन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।

ट्रस्ट के मंत्री अजय गोयल एवं कोषाध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्षों में श्रद्धालुओं और दर्शकों से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस बार रामलीला के लिए मंच का आकार पहले की अपेक्षा काफी बड़ा किया गया है। आयोजन के दौरान दर्शकों को बेहतर मंचीय दृश्य और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यकारिणी सदस्य अमन कन्नौजिया ने बताया कि रामलीला महोत्सव के आयोजन से संबंधित आवश्यक अनुमतियां शासन-प्रशासन स्तर पर प्रक्रियाधीन हैं। आयोजन को निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं के अनुरूप संपन्न कराने के लिए ट्रस्ट की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

वहीं, वरिष्ठ संरक्षक विजय जैन ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से रामलीला महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने तथा ट्रस्ट को सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।

ट्रस्ट के प्रधान योगेश अग्रवाल के अनुसार 12 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाला यह रामलीला महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को भी आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *