उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार एक बार फिर से राजधानी देहरादून के बाहर कैबिनेट बैठक करने जा रही है। बीते कुछ दिन पहले सीमांत जिले चंपावत में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी। अब हरिद्वार में कैबिनेट बैठक की तैयारी है। इतना ही नहीं बल्कि 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हरिद्वार स्थित सीसीआर भवन के सभागार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बैठक प्रस्तावित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 12 अक्टूबर की सुबह 11:00 बजे हरिद्वार स्थित सीसीआर भवन के सभागार में बैठक करने वाले हैं। बताते चलें बैठक का सबसे अहम मुद्दा आगामी विधानसभा के सत्र की तारीख तय करना माना जा रहा है। इसके साथ ही सरकार चमोली जिले के गैरसैंण में आगामी 21 से 24 अक्टूबर के बीच कैबिनेट बैठक कर सकती है। कैबिनेट में तारीख पर फैसला होने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

