*जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा, 250 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचारी मॉडल
*विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका : विनोद प्रसाद सिमल्टी
देहरादून-राजकीय इंटर कॉलेज मेंहूंवाला में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), देहरादून के तत्वावधान में जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड विनोद प्रसाद सिमल्टी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला, आयोजन स्थल के प्रधानाचार्य डी.एस. घरिया तथा जनपद समन्वयक डॉ. सुधीर कांति द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ मुख्य विषय पर आयोजित इस विज्ञान महोत्सव में जनपद के छह विकासखंडों से लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

विद्यार्थियों ने सात उपविषयों के अंतर्गत अपने अभिनव एवं रचनात्मक वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन कर अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता और सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता के अंतर्गत जनपद के छह विकासखंडों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छह टीमों ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से विज्ञान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

*वैज्ञानिक चिंतन से ही विकसित होगा भविष्य का भारत : विनोद प्रसाद सिमल्टी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड विनोद प्रसाद सिमल्टी ने अपने संबोधन में कहा कि बाल वैज्ञानिकों में वैज्ञानिक चिंतन एवं जिज्ञासा की भावना का समावेश होता है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यालयों में ऐसा अनुकूल एवं सकारात्मक वैज्ञानिक वातावरण तैयार करें, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें भविष्य में विश्वस्तरीय वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित किया जा सके।

विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद काला ने सभी विज्ञान मॉडलों का अवलोकन करते हुए बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा एवं प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

जनपद समन्वयक डॉ. सुधीर कांति ने अपने संबोधन में कहा कि बाल वैज्ञानिकों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं अनुसंधान की भावना के साथ राष्ट्रीय विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर रहना चाहिए।
शिक्षाविद् डॉ. संजय कुमार मौर्य की पुस्तक का हुआ विमोचन
विज्ञान महोत्सव के दौरान एक महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं शैक्षिक उपलब्धि के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू, चकराता के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार मौर्य द्वारा लिखित पुस्तक ‘विद्यार्थी जीवन में सद्गुण : चरित्र, संस्कार और सफलता की ओर एक प्रेरक यात्रा’ का विमोचन किया गया।

उल्लेखनीय है कि डॉ. संजय कुमार मौर्य गवर्नर्स टीचर्स अवार्ड, शैलेष मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार तथा जल एवं जल योद्धा सम्मान से सम्मानित शिक्षाविद् हैं।पुस्तक का विमोचन निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री विनोद प्रसाद सिमल्टी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री जगदीश प्रसाद काला तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून की प्रवक्ता श्रीमती ऋचा जुयाल के करकमलों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद प्रसाद सिमल्टी ने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शैक्षणिक ज्ञान अर्जित करने का समय नहीं है, बल्कि यही वह महत्वपूर्ण अवस्था है, जिसमें चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, संस्कारों और जीवनोपयोगी सद्गुणों का विकास होता है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों के समक्ष अनेक सामाजिक एवं नैतिक चुनौतियां हैं। ऐसे में यह पुस्तक उन्हें सकारात्मक जीवन-दृष्टि प्रदान करने तथा एक बेहतर व्यक्तित्व के निर्माण में उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने लेखक डॉ. संजय कुमार मौर्य को इस सार्थक साहित्यिक प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।

पुस्तक के लेखक डॉ. संजय कुमार मौर्य ने बताया कि इस पुस्तक को लिखने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सदाचार, अनुशासन, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास, परिश्रम, नैतिकता एवं मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा इंसान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
*जूनियर एवं सीनियर वर्ग में बाल वैज्ञानिकों ने हासिल किए प्रथम स्थान
निर्णायक मंडल द्वारा जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के अंतर्गत प्रस्तुत मॉडलों का गहन मूल्यांकन किया गया। दोनों वर्गों के सात उपविषयों में कुल 28 बाल वैज्ञानिकों के मॉडलों का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में एक टीम का चयन किया गया। सभी चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बाल वैज्ञानिक इस प्रकार रहे :
बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)-श्रेया गौनियाल, राजकीय इंटर कॉलेज रायवाला।
हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण-सोनाक्षी, होशियार सिंह बुधमल जैन इंटर कॉलेज, विकासनगर।
गणितीय प्रतिरूपण एवं कंप्यूटेशनल चिंतन- वंश, राजकीय इंटर कॉलेज रायवाला।
स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई -आरुषि राय, कैंट इंटर कॉलेज, गढ़ी।
स्वदेशी कृषि पद्धतियां-श्रेयांशी राणा, राजकीय इंटर कॉलेज हटाल।
ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान -आर्यन सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज रानीपोखरी।
आपदा प्रबंधन-नव्या, होशियार सिंह बुधमल इंटर कॉलेज, विकासनगर।
*सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं इस प्रकार रहे :
बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)-गुनगुन, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश।
हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण-सुजाता चौहान, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लखवाड़।
गणितीय प्रतिरूपण एवं कंप्यूटेशनल चिंतन-अनंत बडोनी, राजकीय इंटर कॉलेज द्वारा।
स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई-श्रुति कुकरेती, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लखीबाग।
स्वदेशी कृषि पद्धतियां-दीपक राठौर, राजकीय इंटर कॉलेज नथुवाला।
ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान- भौमिक डबराल, महर्षि अरविंद घोष इंटर कॉलेज, डाकपत्थर।
आपदा प्रबंधन -सानवी नेगी, राजकीय इंटर कॉलेज बुरांशखंड।
विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शिक्षकों एवं शिक्षा अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष झाल्डियाल ने किया।
इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ के जिला महामंत्री अर्जुन पवार, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहगल, नरेश कोटनाला , जनपद के छह विकासखंडों के समन्वयक सरदार दलजीत सिंह, पवन शर्मा, श्री आशीष डबराल, महावीर प्रसाद सेमवाल, राजीव अग्रवाल, जिला संदर्भदाता श्रीमती ऋचा जुयाल, राजेश चौहान, विक्रम सिंह नेगी, मुकेश पुरोहित,राजेंद्र भट्ट, श्रीमती दीपाली शर्मा, सुशील नेगी, श्रीमती स्मिता सेमवाल, श्रीमती हेमवती सती, श्रीमती अंजना बिष्ट, श्रीमती योगिता भट्ट, दिगंबर सिंह नेगी, कल्याण सिंह बिष्ट, श्रीमती भावना नैथानी, डॉ. चारू वर्मा, पंकज बिजलवान, खुशाल सिंह गुसाईं सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ ही विकसित भारत-2047 के निर्माण में शिक्षा और विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

