आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही की सुरक्षा की मांग : प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव के नेतृत्व में महासभा ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

National Uttar Pradesh Uttarakhand

*उरई में जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन , संगठन ने अधिकारी की निष्पक्षता और ईमानदारी का किया उल्लेख

उरई (जालौन)। जालौन में तैनात आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग को लेकर जाटव समाज विकास महासभा ने शासन का ध्यान आकर्षित किया है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से शासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

ज्ञापन में महासभा ने कहा कि रिंकू सिंह राही वर्तमान में संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी (न्यायिक), उरई के पद पर कार्यरत हैं। संगठन के अनुसार, कुछ परिस्थितियों के चलते अधिकारी द्वारा स्वयं को असुरक्षित महसूस किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इन परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए महासभा ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

संगठन ने अधिकारी को निष्पक्ष, कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार प्रशासनिक अधिकारी बताते हुए कहा कि सार्वजनिक पद पर रहते हुए अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ज्ञापन में रिंकू सिंह राही के पूर्व कार्यकाल का भी उल्लेख किया गया। महासभा के मुताबिक, उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को उजागर किया था, जिसके बाद कथित तौर पर असामाजिक तत्वों द्वारा उन पर जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना में उन्हें शारीरिक क्षति भी पहुंची थी।

महासभा ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मांग की कि अधिकारी की वर्तमान परिस्थितियों का सुरक्षा आकलन कराया जाए और आवश्यकता के अनुरूप उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। संगठन का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों को बिना किसी भय या दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना आवश्यक है।

प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव ने कहा कि शासन से अपेक्षा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की सुरक्षा से जुड़ी आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और खतरे का आकलन कर समय रहते प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

*प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रामशरण जाटव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामसनेही जाटव, उपाध्यक्ष मुन्नालाल जाटव, सदस्य मुन्ना लाल भारती, उपाध्यक्ष मनमोहन जाटव, जिलाध्यक्ष रामनाथ सुमन, शारदा प्रसाद, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. सत्येन्द्र कुमार सत्यार्थी, पूर्व प्रधानाचार्य कालका प्रसाद तथा प्रदेशीय मीडिया प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *