(अनुज सेमवाल द्वारा)
देहरादून। रायपुर सभागार में युवा मोर्चा महानगर देहरादून के उपाध्यक्ष सचिन नैथानी एवं युवा मोर्चा रायपुर मंडल अध्यक्ष रजत कुमार तथा महामंत्री बॉबी नेगी के नेतृत्व में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए समाज और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे तथा जनप्रतिनिधियों के साथ खुलकर संवाद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ उपस्थित रहे। इसके साथ ही देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल और वार्ड संख्या 62 के पार्षद सुमित पुंडीर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

युवा संवाद के दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, खेल, सामाजिक विकास और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं और विचार सामने रखे। जनप्रतिनिधियों ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि देश और प्रदेश के विकास में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को सकारात्मक दिशा देकर समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम युवाओं और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद की दूरी को कम करने के साथ ही लोकतांत्रिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। युवाओं के विचारों और सुझावों को नीति एवं विकास की दिशा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में युवाओं ने समाजहित से जुड़े विषयों पर सक्रियता के साथ अपने विचार रखे और भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। आयोजकों ने कहा कि युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा एवं ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से उपयोग करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

