*भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ज्ञान, कौशल और समाजोपयोगी विषयों पर भी करेगा कार्य : चन्द्रवीर गायत्री, प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून। उत्तराखंड में उद्यानिकी, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “मध्य हिमालयी उद्यान विकास एवं आर्थिकी” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ उत्तराखंड एवं एफडब्ल्यूए सोसाइटी उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि एवं उद्यान मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे। कार्यशाला का शुभारंभ न्यायमूर्ति राजेश टंडन, पद्मश्री वसंती बिष्ट, पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री, राष्ट्रीय संगठन सचिव गिरिधर शर्मा तथा उद्यान विशेषज्ञ इंजीनियर अर्जुन पंवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लोकगायिका शोभा नेगी के स्वागत गीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

कार्यशाला में पर्यावरण, जैव विविधता, पारंपरिक कृषि और उद्यानिकी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। अपने विचार रखते हुए इंजीनियर अर्जुन पंवार ने पर्वतीय क्षेत्रों में चीड़ के बढ़ते विस्तार को जल स्रोतों और पर्यावरण के लिए चुनौती बताते हुए इस विषय पर वैज्ञानिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक विमर्श की आवश्यकता पर बल दिया।

बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी ने पारंपरिक कृषि प्रणाली में बैलों की महत्ता को रेखांकित करते हुए उनके संरक्षण के लिए विशेष नीति और योजनाएं बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बैल केवल कृषि का अभिन्न अंग नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण संस्कृति और आत्मनिर्भर खेती की महत्वपूर्ण धुरी भी हैं। इस पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विषय पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘उद्यान शिरोमणि सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में बीज संरक्षण एवं जैव विविधता के क्षेत्र में विजय जड़धारी, उद्यानिकी विशेषज्ञ कुंदन सिंह, ‘रेड राइस लेडी’ के नाम से प्रसिद्ध श्वेता बधानी, बागवानी क्षेत्र में इंजीनियर अर्जुन सिंह पंवार, उद्यान शिक्षा के लिए डॉ. अंकित कुमार, वानिकी शिक्षा के लिए डॉ. स्नेहा डोभाल, बागवानी संवर्धन में महाबल सिंह नेगी, उद्यान पत्रकारिता के क्षेत्र में अर्जुन सिंह बिष्ट तथा जनजागरण के लिए आशीष बाजपेई को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने की। इस अवसर पर पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि संगठन केवल पत्रकारों के अधिकारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ज्ञान, कौशल और समाजोपयोगी विषयों पर भी कार्य करेगा, जिससे पत्रकारिता की गुणवत्ता और सामाजिक सरोकारों को नई दिशा मिल सके।

कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री राजीव थपलियाल, कोषाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, संगठन सचिव विजयपाल रावत, प्रदेश सचिव एस.पी. दुबे, सह सचिव डॉ. डी.के. पुरी, कुमाऊं प्रभारी के.पी.एस. चौहान, विवेक तोमर, बाबूराम बदोई, आशीष डोभाल, प्रसनजीत राय, रेखा भंडारी, सनी सक्सेना, मयंक, सुमित नौटियाल, प्रेम पंचोली सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, विशेषज्ञ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

