रुड़की में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापारियों ने खोला मोर्चा : ज्ञापन देकर भारी वाहनों, ई-रिक्शा और अतिक्रमण पर सख्ती की मांग

National Uttarakhand

रुड़की (उत्तराखंड)-शहर में बढ़ते सड़क हादसों और अव्यवस्थित यातायात को लेकर व्यापारियों का आक्रोश सामने आया है। हाल ही में हुए एक दर्दनाक हादसे के विरोध में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड ने यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) हरिद्वार और यातायात इंस्पेक्टर रुड़की को ज्ञापन देते हुए शहर में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, बेलगाम ई-रिक्शा संचालन और बढ़ते अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया।

व्यापारियों ने कहा कि तेजी से महानगर का रूप ले रहे रुड़की में जनसंख्या और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन यातायात व्यवस्था उसी अनुपात में सुदृढ़ नहीं हो पाई है। बाजारों और मुख्य मार्गों पर छोटे-बड़े वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति आम हो गई है।

उन्होंने विशेष रूप से बीएसएम तिराहा से नेहरू स्टेडियम मार्ग के बीच चंद्रपुरी में हुए हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे शहर में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापार मंडल ने इस घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखते हुए व्यापारियों ने कहा कि

*बीएसएम तिराहा से दुर्गा चौक होते हुए गंगनहर पुल तक के मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई जाए।

*दिन के समय शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित की जाए।

*ई-रिक्शा संचालन को नियंत्रित कर उनके लिए निश्चित रूट तय किए जाएं और व्यस्त बाजारों में इनकी संख्या सीमित की जाए।

*अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाकर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा और शहर में व्यवस्था बहाल होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

ज्ञापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अजय गुप्ता, नवीन गुलाटी प्रदेश महामंत्री, रामगोपाल कंसल संयोजक, धीर सिंह महानगर अध्यक्ष, दीपक अरोड़ा एवं कविस मित्तल महामंत्री महानगर, अमित अग्रवाल, आदर्श कपानिया, भरत कपूर, रतन अग्रवाल, आकाश गोयल, मनोज मेहरा, वसीम राजा, राम सतीजा एडवोकेट, विजय गोयल, अशोक भूटानी, संजय कश्यप, अंकित कालरा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *