देहरादून-श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज, पथरी बाग में दो दिवसीय जनपद स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता (DLEPC-2025) का भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक माध्यमिक शिक्षा, उत्तराखंड एवं विशिष्ट अतिथि विनोद कुमार ढोंडियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून ने आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मोहन डबराल तथा राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुभाष झलडियाल के साथ संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथिगणों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल कुमार सती ने बाल वैज्ञानिकों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार एवं भारत सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका अधिक से अधिक लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड योजना विद्यार्थियों को अपने नवाचारों को वैज्ञानिक मंच तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करती है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि नवीन सत्र से उत्तराखंड के लगभग दस हजार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने की दिशा में शिक्षा विभाग प्रयासरत है, जिससे विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल ने अतिथियों, बाल वैज्ञानिकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि राष्ट्र के चरित्र निर्माण एवं विकास में शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की, जिससे भारत अपने “सोने की चिड़िया” होने के गौरव को बनाए रख सके।
प्रदर्शनी में जनपद के छह विकासखंडों से आए लगभग 140 नवोन्मेषी बाल वैज्ञानिकों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ. मुकुल कुमार सती, विनोद कुमार ढोंडियाल, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़, एवं खंड शिक्षा अधिकारी विकासनगर विनीता कठैत नेगी द्वारा रिबन काटकर किया गया।
इस दौरान बाल वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए प्रोटोटाइप जैसे ऑक्सीजन लीकेज डिटेक्टर, इको-फ्रेंडली स्मार्ट कॉन्टैक्ट लेंस, बहुउद्देशीय पहाड़ी घराट, सेल्फ-क्लीनिंग टॉयलेट आदि का अवलोकन कर अतिथियों ने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।जिला समन्वयक सुधीर कांति ने सभी बाल वैज्ञानिकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज के प्रबंधक चंद्र मोहन सिंह पायल, जिला शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद जड़ली, जनपद के विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुभाष झलडियाल, इंस्पायर अवार्ड खंड समन्वयक संजय मौर्य, सरदार दलजीत सिंह, महावीर सेमवाल, पवन शर्मा, आशीष डबराल, वीरेंद्र यादव, राजीव अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहगल, अंजना बिष्ट, भावना नैथानी, आरती ममगांई, जिला संदर्भ दाता रिचा जुयाल, धनंजय उनियाल, महावीर सिंह मेहता, नरेश कोटला, दिगंबर सिंह नेगी, स्मिता सेमवाल, योगिता भट्ट, सी.एम. कोठियाल सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

