*संविधान के आदर्शों और सामाजिक समरसता के मूल्यों को हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए : सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष भाजपा
*संविधान दिवस पर भाजपा महानगर देहरादून द्वारा प्रबुद्ध जन सम्मेलन का किया गया आयोजन
देहरादून (उत्तराखण्ड)। भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ सामाजिक समरसता, समानता, न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। संविधान की वास्तविक शक्ति उसके प्रावधानों के साथ उन आदर्शों में निहित है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर प्रदान करते हैं। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज, देहराखास में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित संविधान महज कानूनी प्रावधानों का संकलन नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों का संरक्षक है। संविधान ने विविधताओं से भरे भारत को एक लोकतांत्रिक सूत्र में बांधते हुए प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। उन्होंने संविधान को देश का गौरव बताते हुए कहा कि इसे किसी राजनीतिक दल के दृष्टिकोण तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। यह भारत की लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक मर्यादाओं, लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान में निहित मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष तथा महानगर प्रभारी राकेश गिरी ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अधिकार, सम्मान और समान अवसर प्रदान करने की व्यवस्था दी है। बाबा साहेब की विचारधारा को व्यवहार में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि संविधान दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और आत्ममंथन का अवसर है। इस महत्वपूर्ण दिन पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव की उपस्थिति कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस को केवल आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि संविधान के आदर्शों, नागरिक जिम्मेदारियों और सामाजिक समरसता के मूल्यों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। देहरादून बार काउंसिल के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि संविधान दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने दायित्वों की भी याद दिलाता है।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार एवं तरुण बंसल, दीप्ति रावत, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, स्वराज विद्वान, डॉ. महेश कुड़ियाल, पंकज गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में संयोजक सुरेंद्र राणा तथा सहसंयोजक सुनील शर्मा, राजेश बडोनी और देवेंद्र पाल ने सहयोग किया। इस अवसर पर भाजपा के महानगर पदाधिकारी, विभिन्न दायित्वों पर कार्यरत कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, अधिवक्ता, बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की।

