*तीज-जन्माष्टमी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां : 40 वर्षों से शिक्षा सेवा में जुटी तीन वरिष्ठ शिक्षिकाएं सम्मानित
देहरादून। होटल सिटी स्टार के कॉन्फ्रेंस हॉल में वीं क्लब ऑफ दून की ओर से पदस्थापना समारोह के साथ तीज उत्सव, जन्माष्टमी समारोह और शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में क्लब की नई कार्यकारिणी ने जिम्मेदारी संभाली, चार्टर अध्यक्ष डा रमा गोयल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिन्धु गुप्ता, सचिव व कोषाध्यक्ष को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों भी हुई।

कार्यक्रम का उद्घाटन क्लब की चार्टर अध्यक्ष डॉ. रमा गोयल, नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिंधु गुप्ता, सचिव अनामिका चौधरी, कोषाध्यक्ष अंजू अग्रवाल तथा मुख्य अतिथि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद ध्वज वंदना के साथ समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में गणेश वंदना और गणेश स्तुति पर आधारित नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पदस्थापना समारोह के दौरान चार्टर अध्यक्ष डॉ. रमा गोयल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिंधु गुप्ता, सचिव अनामिका चौधरी और कोषाध्यक्ष अंजू अग्रवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद पिन एक्सचेंज की प्रक्रिया पूरी की गई।क्लब में शामिल हुए पांच नए सदस्यों का भी समारोह के दौरान स्वागत किया गया। उन्हें सदस्यता की शपथ दिलाकर क्लब की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिंधु गुप्ता ने अपने आगामी कार्यकाल की प्राथमिकताओं और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्लब को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा सदस्यों की सहभागिता को और व्यापक बनाने की रूपरेखा प्रस्तुत की।

चार्टर अध्यक्ष डॉ. रमा गोयल ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्लब की सफलता सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने सदस्यों से आपसी समन्वय, एकजुटता और समर्पण के साथ क्लब की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया
समारोह में तीजोत्सव के तहत तीज पर्व के महत्व और उसकी सांस्कृतिक परंपराओं को प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। कजरी गीतों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए।
जन्माष्टमी समारोह के दौरान आकर्षक ढंग से चंदोल सजाई गई। राधा-कृष्ण पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित सदस्यों का मन मोह लिया। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी इन प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को उत्सवी माहौल प्रदान किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में करीब 40 वर्षों तक उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन वरिष्ठ शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। क्लब की ओर से उन्हें पौधे और उपहार भेंट कर उनके दीर्घकालीन शैक्षिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने कहा कि शिक्षकों का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वे कई पीढ़ियों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी भावना के साथ वरिष्ठ शिक्षिकाओं के योगदान को सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में क्लब सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और आगामी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। क्लब के सभी सदस्यों के सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

