प्रदेश उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कैंट विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का किया दौरा : क्षेत्रवासियों ने रखी पानी, सड़क,सीवर जैसी समस्याएं

National Uttarakhand

कैंट क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाकर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने विधानसभा क्षेत्र के द्रोणपुरी, पटेल नगर पूर्व, कांवली रोड और विजय पार्क वार्डों का दौरा कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।

जनसंपर्क के दौरान आयोजित बैठकों में राजीव महर्षि ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से भाजपा के प्रतिनिधित्व में रहा है, इसके बावजूद कई इलाकों में नागरिक आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्याओं के समाधान को लेकर सरकारी स्तर पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

महर्षि ने कौलागढ़ क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2022 में क्षतिग्रस्त हुई एक सड़क की स्थिति अब तक नहीं सुधरी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और बिजली से जुड़ी दिक्कतें लगातार बनी हुई हैं। उनका कहना था कि रोजगार की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए भी पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं और स्थानीय स्तर पर लंबित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासनों के बजाय धरातल पर काम चाहती है। महर्षि के अनुसार, लगातार बढ़ती जनसमस्याओं के कारण लोगों में सरकार के प्रति असंतोष दिखाई दे रहा है और वे राजनीतिक बदलाव की अपेक्षा कर रहे हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश धीमान ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। उन्होंने दावा किया कि लोगों का धैर्य जवाब दे चुका है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर देखने को मिलेगा।

जनसंपर्क कार्यक्रम में आयोजक संजय भारती, कैंट विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस अंजू भारती, सौरव शर्मा, गीतांजलि शर्मा, दीपक कुमार, बब्बन भाई, पूनम गुप्ता, कौशल्या देवी और प्रीति गुप्ता सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस सचिव गीताराम जायसवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *