अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद की बैठक में सामाजिक सरोकारों से लेकर अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं सहित कई प्रस्ताव पारित‌ : डॉ. के.बी. जोशी को मिला ‘प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान-2026’

National Uttar Pradesh Uttarakhand

*अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद का दायरा देश की सीमाओं से परे, वैश्विक स्तर पर सेवा और सहयोग का विस्तार : दयानंद चंदोला

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय सहयोग परिषद का उद्देश्य केवल देश के भीतर सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी कार्ययात्रा विदेशों तक भी विस्तारित है। परिषद सामाजिक समरसता, मानवीय सहयोग और विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। यह बात परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी दयानंद चंदोला ने देहरादून चैप्टर की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

बैठक की शुरुआत विश्व शांति की कामना के साथ दो मिनट का मौन धारण कर की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व आईजी एस.एस. कोठियाल ने की। इस अवसर पर गुरुग्राम, हरियाणा चैप्टर के अध्यक्ष अविनाश मानन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान 12 नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें परिषद परिवार में शामिल किया गया। अध्यक्ष एस.एस. कोठियाल ने परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की स्थापना, उद्देश्य, गतिविधियों और अब तक की प्रगति की जानकारी साझा की।

*गुरुग्राम चैप्टर के कार्यों की सराहना

विशिष्ट अतिथि अविनाश मानन ने गुरुग्राम चैप्टर की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए देहरादून चैप्टर द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रियता समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। नृत्य गुरु सोनल वर्मा के निर्देशन में वैभवी मुद्गल ने शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा।

परिषद के संरक्षक/उपाध्यक्ष डॉ. एस. फारुख, दयानंद चंदोला, राकेश ओबराय और चंद्रगुप्त विक्रम ने भी अपने विचार रखे। डॉ. एस. फारुख ने शायराना अंदाज में अपनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया।

*डॉ. के.बी. जोशी को ‘प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान-2026’

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण देवभूमि उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. के.बी. जोशी को ‘प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाना रहा। परिषद के जनसंपर्क अधिकारी योगेश अग्रवाल ने चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जोशी के उल्लेखनीय योगदान और उनकी सेवाओं का परिचय प्रस्तुत किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. के.बी. जोशी ने अपने जीवन के संघर्ष, अनुभवों और उपलब्धियों की यात्रा को रोचक एवं चुटीले अंदाज में साझा किया। उनकी बातों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक करने के साथ-साथ प्रेरित भी किया।

परिषद की उपाध्यक्ष डोली डबराल ने स्त्री सशक्तिकरण पर भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर महिला सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।वहीं, दधीचि दान समिति के अध्यक्ष डॉ. मुकेश गोयल ने मरणोपरांत नेत्रदान, अंगदान और देहदान के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के जाने के बाद उसके अंग किसी दूसरे जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद ला सकते हैं। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस मानवीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

बैठक में परिषद की आगामी यात्राओं को लेकर भी सदस्यों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए। देश के भीतर ऋषिकेश और कांडाताल के प्रस्ताव सामने आए, जबकि अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं के लिए भूटान, श्रीलंका, सिंगापुर और फ्रांस जैसे देशों के नाम सुझाए गए। इन प्रस्तावों को परिषद की आगामी गतिविधियों और सदस्यों के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक संवाद को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

कार्यक्रम का संचालन सचिव आदेश गुप्ता ने रोचक एवं प्रभावी अंदाज में किया। अंत में उपाध्यक्ष आर.पी. भट्ट ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दयानंद चंदोला, अशोक विंडलास, मधु बैरी, डॉ. डी.एस. मान, डोली डबराल, अशोक शर्मा, सचिव दीपक गैरोला, जे.पी. सेमवाल, पूर्व सूचना आयुक्त जे.पी. ममगाईं, अरुण शेखर बहुगुणा, शकुंतला चंदोला, नमिता ममगाईं, धनपति कोठियाल, एस.के. तिवारी, अजीत तोमर, आर.के. बक्शी, सुभाषिनी डिमरी, शालू जैन, रोहित कोचग्वे, कंचन गुनसोला सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *