*त्वरित प्रसारण की होड़ में पत्रकारिता की गुणवत्ता हुई प्रभावित : डा बी के एस संजय पद्मश्री
**राज्य मंत्री डा देवेन्द्र भसीन,राज्य मंत्री अशोक वर्मा, राज्य मंत्री विनोद उनियाल,पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, कांग्रेस नेत्री गरिमा दसौनी ने भी रखे सार्थक विचार
*देहरादून में देवभूमि पत्रकार यूनियन का पत्रकारिता दिवस समारोह, डिजिटल मीडिया की दिशा और दशा पर विशेषज्ञों ने जताई चिंता
देहरादून-डिजिटल क्रांति के इस दौर में पत्रकारिता की बदलती प्रवृत्ति, सूचनाओं की तीव्र गति और फेक न्यूज की बढ़ती चुनौती पर देहरादून में गंभीर चर्चा हुई। देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) द्वारा उत्तरांचल प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकारिता दिवस समारोह में देश-प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना महानिदेशक और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने सूचना के प्रसार को तेज और व्यापक बनाया है, लेकिन इसके साथ ही भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में मीडिया की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, और केवल तथ्यपरक एवं संतुलित पत्रकारिता ही उसकी विश्वसनीयता को बनाए रख सकती है।

पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय ने डिजिटल मीडिया की मौजूदा प्रवृत्ति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज की पत्रकारिता तेजी से ‘फास्ट फूड मॉडल’ की ओर बढ़ रही है, जहां खबरों की गहराई और तथ्य जांच की प्रक्रिया कई बार पीछे छूट जाती है। उन्होंने कहा कि त्वरित प्रसारण की होड़ में पत्रकारिता की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर असर पड़ रहा है, जो समाज के लिए चिंता का विषय है।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और फेक न्यूज की चुनौती’ रहा, जिस पर वक्ताओं ने मीडिया की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर विस्तार से विचार रखे।
इस अवसर पर मंच पर मौजूद विभिन्न अतिथियों ने भी अपने विचार रखे। राज्यमंत्री अशोक वर्मा, राज्यमंत्री श्रीमती विनोद उनियाल और कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने मीडिया की भूमिका और सामाजिक प्रभावों पर चर्चा की।
विषय विशेषज्ञों में पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, पंडित सुभाष जोशी और इंजीनियर विनोद कुमार नौटियाल शामिल रहे, जिन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के तकनीकी बदलावों और उनके सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान देवभूमि पत्रकार यूनियन द्वारा समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई हस्तियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (एकताशक्ति) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों के वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवभूमि पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की, जबकि संचालन महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश कोषाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष हरीश खनेड़ा, जिला महासचिव नवीन जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रजत शर्मा आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

