*देहरादून में अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति की मासिक बैठक संपन्न
देहरादून। अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति की मासिक बैठक रविवार को पटेल नगर स्थित होटल कैलिस्टा में आयोजित की गई। बैठक में आगामी हिंदू नववर्ष संवत 2083 के स्वागत को भव्य रूप से मनाने की रूपरेखा तय की गई।

सभा को संबोधित करते हुए समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर 18 मार्च, बुधवार को सायं 6 बजे नेहरू कॉलोनी स्थित भगवान परशुराम चौक पर 2083 दीप प्रज्वलित कर तथा मिष्ठान वितरण कर नवसंवत्सर का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, गंगोत्री धाम के रावल पंडित हरीश सेमवाल तथा पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा सहित कई प्रमुख अतिथि उपस्थित रहेंगे। समिति के सभी सदस्य इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे।

बैठक में यह भी चर्चा की गई कि नेहरू कॉलोनी स्थित फव्वारा चौक का नाम वर्ष 2023 में विधिवत रूप से भगवान परशुराम चौक रखा जा चुका है, लेकिन अभी भी कुछ विभागों द्वारा पुराने नाम का उपयोग किया जा रहा है। इस संबंध में समिति जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से मुलाकात कर फव्वारा चौक पुलिस चौकी का नाम संशोधित कर परशुराम चौक पुलिस चौकी किए जाने की मांग करेगी।
बैठक के दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समिति की ओर से उपस्थित महिला सदस्यों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर रुचि शर्मा, आभा बड़थ्वाल, राजगीता शर्मा, भारती जोशी, मधु शर्मा, सुशीला शर्मा, सुमित्रा ध्यानी और सुधा डबराल को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक रामनरेश शर्मा, पवन शर्मा, केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, रुचि शर्मा, अभय उनियाल, पंकज शर्मा, राजेश पंत, डॉ. अजय वशिष्ठ, भारती जोशी, मधु शर्मा, सुशीला शर्मा, सुमित्रा ध्यानी, सुधा डबराल, शक्ति सागर कौशिक, विचित्र सारस्वत, तुषार शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

